देश - विदेश

दिल्ली में प्रदर्शन से पहले 600 समर्थक हिरासत में, ध्रुव राठी को घर से ले गई पुलिस; 38 हजार जवान तैनात

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे करीब 600 समर्थकों को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है। वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में 38 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रही है। कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की होने की भी जानकारी है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, कुछ सड़कों पर कीलें भी लगाई गई हैं।

दिल्ली से सटे बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा समेत आसपास के इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है। इसके चलते कई जगहों पर जाम की स्थिति बन रही है। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी दिल्ली पहुंच गए हैं।

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन ने ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी का आरोप लगाया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button