उत्तराखंड

लक्सर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और फंगस लगा आटा मिला

लक्सर। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लक्सर में मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने नगर के विभिन्न इलाकों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों, गोदामों और दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू के आटे के दो और सेंधा नमक का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं, दो प्रतिष्ठानों पर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और फंगस व कीड़े लगा मल्टीग्रेन आटा मिलने पर दोनों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

आगामी नवरात्रि, दशहरा और दीपावली समेत प्रमुख त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने नगर के कई आटा सप्लायरों, थोक विक्रेताओं और प्रोविजन स्टोरों का औचक निरीक्षण किया।

टीम ने गोवर्धनपुर रोड, रुड़की तिराहा, सोसायटी रोड, पुरकाजी रोड और बसेड़ी रोड स्थित कई प्रतिष्ठानों, गोदामों और बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नवरात्रि में व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे के दो नमूने और सेंधा नमक का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।

छापेमारी के दौरान बसेड़ी रोड स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान में कोल्ड ड्रिंक की 55 बोतलें एक्सपायरी तिथि की मिलीं। खाद्य सुरक्षा टीम ने इन बोतलों को मौके पर ही हटवाकर नष्ट करा दिया।

इसी तरह गोवर्धनपुर रोड स्थित एक प्रोविजन स्टोर में मल्टीग्रेन आटा फंगस और कीड़े लगा हुआ पाया गया। टीम ने इस आटे को भी मौके पर ही नष्ट करा दिया। दोनों दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत न्यायालय में मुकदमा दायर करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि किसी भी दुकान पर बिना निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि वाला कुट्टू का आटा नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान व्रत रखने वाले लोग कुट्टू का आटा और सेंधा नमक इस्तेमाल करते हैं, इसलिए इनकी गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों पर एक्सपायरी हो चुकी किसी भी खाद्य सामग्री को न रखें और ऐसी सामग्री को तत्काल हटा दें या नष्ट कर दें। दोबारा जांच में एक्सपायरी या खराब खाद्य सामग्री मिलने पर जुर्माने के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। कई दुकानदार अपनी दुकानों और गोदामों में रखी एक्सपायरी खाद्य सामग्री की जांच कर उसे हटाने में जुट गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button