उत्तराखंड

देहरादून ट्रिपल मर्डर का खुलासा, 600 रुपये की मजदूरी के विवाद में प्लंबर ने की हत्या

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के आरोप में राजकुमार नाम के प्लंबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। मजदूरी के 600 रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद उसने पेचकस से बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को बुजुर्ग दंपती ने राजकुमार को प्लंबिंग का काम करने के लिए घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद राजकुमार ने अपनी मजदूरी के 600 रुपये मांगे, जबकि दंपती उसे 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि विवाद के दौरान दंपती ने उसे गालियां दीं, जिससे वह गुस्से में आ गया।

आरोप है कि गुस्से में राजकुमार ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। उनकी आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला तिलया देवी उर्फ शीला बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर तीनों लहूलुहान हालत में अचेत मिले। उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान रजनी कपूर, रमेश कपूर और तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रजनी कपूर की उम्र 75 वर्ष, रमेश कपूर की 80 वर्ष और तिलया देवी की उम्र 48 वर्ष थी। तिलया देवी पड़ोस के घर में नौकरानी का काम करती थीं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है और वर्तमान में इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रहता है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button