उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, आठ जिलों में यलो अलर्ट; आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट

देहरादून। मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान के चलते दिन के समय गर्मी का अहसास हो रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के करवट लेने का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम में बदलाव को देखते हुए आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है और मौसम सामान्य रूप से शुष्क बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। संभावित मौसम बदलाव के बीच ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।



