55 लाख की साइबर ठगी में पंजाब से आरोपी गिरफ्तार, खाते में पहुंचे थे 6 लाख रुपये

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने 55 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में पंजाब से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज और खुद को सेबी (SEBI) पंजीकृत सलाहकार बताकर निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले साइबर ठगों के साथ मिलकर ठगी में शामिल होने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम में से करीब छह लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक, आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ साइबर अपराध से जुड़ी छह अन्य शिकायतें भी दर्ज मिली हैं। पुलिस अब आरोपी के खाते से जुड़ी अन्य वित्तीय गतिविधियों और संभावित साइबर अपराधों की भी जांच कर रही है।
मामले में देहरादून के पंडितवाड़ी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, साइबर ठगों ने उसे SBSBL Community/VIP Community नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप में आरोपी खुद को सेबी पंजीकृत सलाहकार बताकर निवेश और ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारी देते थे।
शिकायतकर्ता को फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट और सीडीएसएल/एनएसडीएल के कथित फर्जी दस्तावेज दिखाकर भरोसे में लिया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में कुल 55 लाख 50 हजार रुपये जमा कराए। बाद में शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई ठगी का पता चला, जिसके बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया गया।
एसटीएफ के अनुसार, विवेचना के दौरान ठगी की रकम जिन बैंक खातों में पहुंची, उनकी जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मनी ट्रेल के आधार पर पंजाब के फाजिल्का निवासी सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से करीब छह लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे।
इसके बाद एसटीएफ की टीम ने पंजाब में दबिश देकर आरोपी को फाजिल्का क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जांच में आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित छह अन्य शिकायतें भी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। एसटीएफ अब मनी ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू, पुत्र चिमन सिंह, निवासी शहीद भगत सिंह नगर, चक मन्नेवाला, नजदीक नूर्समंद दरगाह, थाना सिटी जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 26 वर्ष बताई गई है।



