उत्तराखंड

उत्तराखंड में बाहरी वाहनों से ग्रीन सेस वसूली शुरू, टिमली चेकपोस्ट पर लगी शुल्क दरों की सूची

देहरादून। उत्तराखंड में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों से ग्रीन सेस की वसूली शुरू हो गई है। देहरादून के प्रवेश द्वार टिमली चेकपोस्ट पर अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए निर्धारित शुल्क की दरों का बोर्ड लगाया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत अन्य राज्यों से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों को निर्धारित ग्रीन सेस का भुगतान करना होगा।

ग्रीन सेस केवल मालवाहक वाहनों तक सीमित नहीं है। कार, मोटर कैब, मैक्सी कैब, बस, ट्रक और भारी निर्माण उपकरण समेत अलग-अलग श्रेणी के बाहरी वाहनों के लिए शुल्क की दरें निर्धारित की गई हैं। अधिसूचना के अनुसार, बाहरी वाहन के प्रत्येक प्रवेश पर ग्रीन सेस देय होगा।

परिवहन विभाग की ओर से 27 मई 2025 को ग्रीन सेस की संशोधित दरें जारी की गई थीं। वाहन की श्रेणी और एक्सल की संख्या के आधार पर शुल्क निर्धारित किया गया है।

निर्धारित दरों के अनुसार, 3 एक्सल वाले भारी वाहन पर 450 रुपये, 4 से 6 एक्सल वाले भारी वाहन पर 600 रुपये और 7 या उससे अधिक एक्सल वाले भारी वाहन पर 700 रुपये ग्रीन सेस लिया जाएगा।

वहीं, मध्यम/भारी माल वाहन के लिए 250 रुपये, हल्के माल वाहन के लिए 120 रुपये और डिलीवरी वैन के लिए 80 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसके अलावा 12 से अधिक सीट वाली बसों के लिए 140 रुपये और कार, मोटर कैब व मैक्सी कैब के लिए 80 रुपये ग्रीन सेस देना होगा।

टिमली चेकपोस्ट पर शुल्क दरों का बोर्ड लगाए जाने के बाद बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों से निर्धारित दर के अनुसार ग्रीन सेस की वसूली की जा रही है। इससे उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले विभिन्न श्रेणी के वाहनों पर लागू शुल्क की जानकारी वाहन चालकों को चेकपोस्ट पर ही मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button