उत्तराखंड

लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जेल अधीक्षक को धमकी देने वाला गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद

हरिद्वार: रोशनाबाद स्थित जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिडकुल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, मूल निवासी लुधियाना (पंजाब) और हाल निवासी आईडीपीएल, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्या ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि उनके मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे गए हैं। मैसेज में लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

तहरीर के आधार पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। सोमवार को सिडकुल क्षेत्र में सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिमांशु चोढा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल में बंद महिला को वह अपनी कथित पत्नी बताता है। महिला देह व्यापार के मामले में जिला कारागार में बंद है। आरोपी के अनुसार, उससे जेल में मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ ने अधिक पूछताछ की, जिससे वह नाराज था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि महिला ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही थी और उनका मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया था।

इसके बाद आरोपी ने पंजाब के लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से उसे अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, इसके बाद वह पहले से रखे तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा और जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से जेल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में मानव तस्करी जैसी संगीन धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी पहली पत्नी व परिजनों को छोड़कर इधर-उधर भटकता रहता है। वह जेल में बंद महिला को अपनी दूसरी पत्नी बताता है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, जेल में बंद महिला द्वारा आरोपी को जेल अधीक्षक के खिलाफ उकसाने की बात सामने आई है। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर महिला के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार आरोपी का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कोई संबंध नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button