उत्तराखंड

हल्द्वानी में बदहाल सड़कों के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, पानी से भरे गड्ढों में लगाए धान के पौधे

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। दमुवाढूंगा क्षेत्र में कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने सड़क पर बारिश के पानी से भरे गड्ढों में धान के पौधे लगाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और स्थानीय लोग सड़क पर उतरे और पानी से लबालब गड्ढों में धान के पौधे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हल्द्वानी शहर की कई सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाता है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गड्ढों के कारण कई जगह हादसे की स्थिति बनी रहती है और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि हल्द्वानी की बदहाल सड़कें हादसों को दावत दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जर्जर सड़कों और जानलेवा गड्ढों ने प्रशासनिक व्यवस्था की स्थिति को उजागर कर दिया है। धान के पौधे लगाकर प्रदर्शन के जरिए अधिकारियों को समस्या की ओर ध्यान दिलाने का प्रयास किया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और ज्यादा गंभीर हो जाती है।

कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि शहर की खराब सड़कों का निरीक्षण कराया जाए और सड़क पर बने सभी गड्ढों को तत्काल भरने का काम शुरू किया जाए, ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो और हादसों का खतरा कम किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button