उत्तराखंड

उत्तराखंड में आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, हरिद्वार में स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र रहे बंद

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश का तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकता है। सोमवार तक पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हरिद्वार में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर 5 सितंबर, शनिवार को जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 5 सितंबर को हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। हरिद्वार में शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसीलों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय या संबंधित विभाग के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

5 सितंबर: हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में हल्की बारिश हो सकती है।

6 सितंबर: हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

7 सितंबर: पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button