उत्तराखंड

देहरादून कैंट रोड पर तेज रफ्तार कार का कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर, सब्जी की दुकान में घुसी

देहरादून: देहरादून में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में आए दिन सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला कैंट रोड का है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी और इसके बाद एक सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि कार एक महिला चला रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अचानक कार अनियंत्रित हो गई और कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद कार सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसे में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि सब्जी की दुकान को भी क्षति हुई। वहीं, एक दुकानदार के हल्की चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने महिला कार चालक को हिरासत में लिया था।

थाना कैंट प्रभारी शंकर बिष्ट ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस की ओर से हादसे में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों और सब्जी की दुकान को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

देहरादून में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच 19 अगस्त 2026 को डोईवाला के प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के पास भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई थी।

उस हादसे में पुलिस के अनुसार, आगे जा रही पिकअप का अचानक पिछला पहिया निकल गया था, जिसके बाद पिकअप डिवाइडर पर चढ़ गई। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के पास जाम लग गया था और काफी देर तक लोग जाम में फंसे रहे। इको कार में सात लोग सवार थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button