टिहरी में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से NH-34 बंद; कई जगह मलबा गिरने से आवाजाही प्रभावित

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच टिहरी गढ़वाल में लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ गई हैं। भारी बारिश के कारण मटियाली नगुण क्षेत्र में पहाड़ी का मलबा सड़क पर आने से चंबा-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) बाधित हो गया है। मार्ग पर बड़ी मात्रा में मलबा आने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
लैंडस्लाइड की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। जेसीबी मशीनों की मदद से मार्ग को यातायात के लिए सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार बारिश होने के कारण पहाड़ी से दोबारा मलबा आने का खतरा बना हुआ है, जिससे सड़क खोलने में परेशानी हो रही है।
वहीं, स्टेट हाईवे-77 गुजराडा-रानीपोखरी मार्ग पर भी लैंडस्लाइड के कारण आवाजाही बाधित हुई है। संबंधित विभाग की टीम मार्ग को खोलने में जुटी हुई है। इसके अलावा देवप्रयाग-गजा-जाजल मोटर मार्ग पर आमपाटा के पास भी लैंडस्लाइड की घटना सामने आई थी। मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है, लेकिन अन्य संवेदनशील हिस्सों में लगातार मलबा गिरने से खतरा बना हुआ है।
टिहरी जिले में बारिश के कारण कई पहाड़ी मार्ग संवेदनशील बने हुए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। सड़क पर मलबा आने की स्थिति में तत्काल उसे हटाने के लिए मशीनें तैनात की गई हैं।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश और लैंडस्लाइड की संभावना को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। पर्वतीय क्षेत्रों में सफर करने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।



