पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के कंधे में लगी गोली

देहरादून। पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में एक निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। हथियारों से लैस युवकों ने संस्थान के बाहर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना में साहिल नाम के युवक के कंधे में गोली लगने की सूचना है। उसे उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले पटेलनगर में विवाद हुआ था। इसके बाद बाइक सवार युवक एक कार का पीछा करते हुए सेंट ज्यूड्स चौक तक पहुंचे। आरोप है कि यहां गुरमीत नाम के युवक ने दोबारा फायरिंग कर दी, जिसमें साहिल के कंधे पर गोली लगी। दोनों पक्षों के आरोपित हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार सुबह से ही सड़क किनारे खड़ी थी। दोपहर के समय डंडे और रॉड से लैस कुछ युवक बाइक से वहां पहुंचे। बाइक सवारों को नजदीक आता देख कार में सवार लाल रंग की कमीज पहने युवक ने जमीन की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस दौरान बाइक सवार युवकों ने कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान और विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।



