उत्तराखंड

शादी में लाइसेंसी पिस्टल से दूल्हे ने की फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हरिद्वार। अपने ही शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से खुलेआम फायरिंग करना दूल्हे को भारी पड़ गया। शादी की पार्टी में एक के बाद एक फायरिंग कर रौब दिखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कनखल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी। जांच में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान लक्सर क्षेत्र निवासी योगेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक वाटिका फार्म में आयोजित शादी समारोह के दौरान दूल्हा पिस्टल से फायरिंग करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने इसकी जांच की। जांच में सामने आया कि 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग की।

कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया था। जांच के दौरान वीडियो में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में हुई। जांच में शादी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस ने फायरिंग को नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक शादी समारोह और सार्वजनिक आयोजनों में लाइसेंसी हथियार से इस तरह फायरिंग की अनुमति नहीं होती। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर रौब दिखाने के लिए लोग हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग करते हैं।

इस मामले में भी दूल्हे की फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button