उत्तराखंड

15 अगस्त तक LPG e-KYC नहीं कराई तो बंद हो सकता है कनेक्शन, घर बैठे ऐसे करें सत्यापन

देहरादून: घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। अब ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन से घर बैठे ही ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं।

आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक ई-केवाईसी कराने की अपील की है। तय समय तक सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन बंद किए जा सकते हैं।

देहरादून में 2 लाख से ज्यादा उपभोक्ता बाकी: जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की 70 गैस एजेंसियों से कुल 7,73,356 उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें से अब तक 5,64,642 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 2,08,714 उपभोक्ता अभी ई-केवाईसी से वंचित हैं।

जिले में इंडियन ऑयल की 53, भारत पेट्रोलियम की 10 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की सात गैस एजेंसियां हैं।

मोबाइल से घर बैठे ऐसे करें ई-केवाईसी: जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के मुताबिक, उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल एप डाउनलोड कर ई-केवाईसी कर सकते हैं।

इंडेन उपभोक्ता IndianOil ONE, भारत गैस उपभोक्ता Hello BPCL और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के उपभोक्ता HP Pay एप के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

फेस सत्यापन के लिए Aadhaar Face RD एप की आवश्यकता होगी। पंजीकृत मोबाइल नंबर से संबंधित एप में लॉगिन करने के बाद ई-केवाईसी का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद आधार आधारित फेस स्कैन के जरिए पहचान का सत्यापन पूरा किया जा सकता है।

दिक्कत आए तो गैस एजेंसी में करा सकते हैं सत्यापन: अगर किसी उपभोक्ता को मोबाइल से ई-केवाईसी करने में परेशानी आती है तो वह संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर भी अपना सत्यापन करा सकता है।

आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसी संचालकों और डिलीवरी मैन को उपभोक्ताओं से संपर्क कर ई-केवाईसी के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग का लक्ष्य 15 अगस्त तक अधिक से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी कराना है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना सत्यापन नहीं कराया है, उन्हें समय रहते ई-केवाईसी पूरी करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button