उत्तराखंड

देहरादून में दर्दनाक हादसा: बरसाती नाले में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत, इलाके में पसरा मातम

देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र स्थित नई बस्ती में मूसलाधार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

 

बहन को बचाने गई दूसरी बहन भी बहाव में बही

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय दोनों बहनें मंदिर के सामने बारिश में खेल रही थीं। इसी दौरान छोटी बहन सोनाक्षी खेलते-खेलते खुली नाली के पास पहुंच गई और तेज बहाव की चपेट में आ गई। बहन को बहता देख बड़ी बहन लक्ष्मी उसे बचाने के लिए बिना किसी देरी के नाली में उतर गई, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी अपना संतुलन नहीं बना सकी और दोनों बहनें पानी के साथ बह गईं।

 

तीखी ढलान और तेज बहाव बना हादसे की वजह

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस नाली में हादसा हुआ वहां तीखी ढलान होने के कारण बारिश के दौरान पानी अत्यधिक तेज गति से बहता है। नाली के किनारों पर फिसलन होने से बच्चियां खुद को संभाल नहीं सकीं और तेज बहाव उन्हें अपने साथ बहाकर ले गया।

 

रैंप के नीचे पाइप में फंसी मिलीं दोनों बच्चियां

 

बहते हुए दोनों मासूम नाले के ऊपर बने एक रैंप के नीचे पहुंच गईं, जहां पाइपनुमा संरचना में फंस गईं। पानी का स्तर कम होने के बाद स्थानीय लोगों ने रैंप के नीचे देखा तो घर में पानी की आपूर्ति वाले पाइप और उसमें फंसा एक पत्थर दिखाई दिया। इसी स्थान पर दोनों बच्चियां फंसी हुई थीं। लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

 

पूरे इलाके में शोक की लहर

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद नई बस्ती क्षेत्र में शोक का माहौल है। कुछ देर पहले तक बारिश में खेल रही दोनों मासूम बहनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। लोगों ने बरसाती नालों की सुरक्षा व्यवस्था और खुले नालों को ढकने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button