भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, भूस्खलन और ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा को अगले दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गए हैं। साथ ही मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
आयुक्त ने कहा कि आज और कल चारधाम यात्रा पर रोक रहेगी। मौसम और मार्गों की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आधिकारिक सूचना मिलने तक यात्रा शुरू न करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अत्यधिक तीव्र वर्षा की भी आशंका जताई गई है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 2 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।



