उत्तराखंड

मसूरी-देहरादून मार्ग पर रात में वाहनों की आवाजाही पर रोक, टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू

देहरादून: मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी बैंड क्षेत्र में लगातार भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी सामान्य वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं और विशेष परिस्थितियों में ही वाहनों को अनुमति दी जाएगी।

 

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने मसूरी और राजपुर थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं कि मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने लोगों से रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील भी की है।

 

पानी बैंड क्षेत्र में बना हुआ है भूस्खलन का खतरा

 

लगातार हो रही बारिश के कारण कुछ दिन पहले पानी बैंड के पास सड़क का आधा हिस्सा धंस गया था। सड़क पर दरारें आने के बाद यातायात प्रभावित हुआ था। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बैक कटिंग कर मार्ग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए खोल दिया था, लेकिन बुधवार शाम को एक बार फिर मलबा आने से खतरा बढ़ गया।

 

PWD के जूनियर इंजीनियर प्रदीप शाही ने बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग फिलहाल हल्के वाहनों के लिए सुचारु है, जबकि किमाड़ी मार्ग अभी भी बंद है और उसे खोलने का कार्य जारी है।

 

तीन दिन बाद शुरू हुई टेंपो ट्रैवलर सेवा

 

तीन दिनों तक बंद रहने के बाद गुरुवार से देहरादून-मसूरी के बीच रोडवेज की टेंपो ट्रैवलर सेवा फिर से शुरू कर दी गई है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिली है।

 

रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक सुरेश चौहान ने बताया कि मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही अभी भी सुरक्षित नहीं है, इसलिए बस सेवा फिलहाल शुरू नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि रोडवेज बस का किराया 80 रुपये प्रति यात्री है, जबकि टेंपो ट्रैवलर का किराया 105 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है।

 

जीरो प्वाइंट के पास खाई में गिरा व्यक्ति, सुरक्षित रेस्क्यू

 

वहीं, मसूरी के जीरो प्वाइंट के पास गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर फायर सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त अभियान चलाकर घायल को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

फायर विभाग के अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल ने बताया कि घायल की पहचान 45 वर्षीय कुंदन लाल निवासी टिहरी गढ़वाल (हाल निवासी कैंपटी) के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें उप जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button