भारी बारिश से देहरादून–मसूरी मार्ग बंद, सड़क धंसने और भूस्खलन के खतरे के बीच पर्यटकों की आवाजाही रोकी गई, प्रशासन करेगा सेफ्टी सर्वे

देहरादून: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते देहरादून–मसूरी हाईवे कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क धंसने और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन मसूरी मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। फिलहाल इस मार्ग से पर्यटकों और अन्य वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
बारिश के कारण हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क धंस गई है, जबकि कुछ जगहों पर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके चलते मार्ग पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
प्रशासन के अनुसार, देहरादून–मसूरी मार्ग पर चार से पांच ऐसे संवेदनशील स्थान हैं, जहां पिछले वर्ष भी भारी बारिश के दौरान सड़क को नुकसान पहुंचा था। इस बार भी वही क्षेत्र सबसे अधिक जोखिम वाले बने हुए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल मार्ग बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
मसूरी के संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने बताया कि जिन स्थानों पर पिछले वर्ष बारिश के दौरान क्षति हुई थी, वे दोबारा संवेदनशील हो गए हैं। इन इलाकों में जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीमें तैनात की गई हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने मार्ग का विस्तृत सेफ्टी सर्वे कराने का भी निर्णय लिया है। जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर सड़क की मरम्मत और मार्ग को दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल जहां मामूली क्षति हुई है वहां मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन जिन स्थानों पर सड़क गंभीर रूप से धंस गई है, वहां बहाली में समय लग सकता है। ऐसे में मार्ग कब तक बंद रहेगा, इसका अंतिम निर्णय सेफ्टी सर्वे रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।
गौरतलब है कि मानसून सीजन में भी बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी का रुख करते हैं। ऐसे में देहरादून–मसूरी मार्ग का बंद होना पर्यटन गतिविधियों पर भी असर डाल सकता है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।



