कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, यात्रा मार्ग पर 24 घंटे संचालित होंगी मेडिकल रिलीफ पोस्ट

हरिद्वार: आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों और चिन्हित चेक पोस्टों पर विशेष स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था की है। इन स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार तैनात रहेंगी और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर नजर रखेंगी।
30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक एमआरपी पर फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय की तैनाती रहेगी, जिससे स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा यात्रा मार्ग पर आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का भी पर्याप्त इंतजाम किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और चिकित्सा कर्मियों को पूरी यात्रा अवधि के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल स्थित मेडिकल रिलीफ पोस्ट 24 घंटे संचालित रहेंगी। इन केंद्रों पर रोस्टर के अनुसार शिफ्टवार डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता और अस्पताल तक पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।



