कांवड़ मेले में देहरादून-दिल्ली की सभी बसें दौड़ेंगी एक्सप्रेसवे से, दीपावली से पहले बेड़े में जुड़ेंगी 28 नई AC-वॉल्वो बसें

देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम ने कांवड़ मेले और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्रियों के लिए दो बड़े फैसले लिए हैं। निगम ने कांवड़ मेले के दौरान देहरादून से दिल्ली जाने वाली सभी बसों का संचालन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से करने का निर्णय लिया है। वहीं, दीपावली से पहले अनुबंध के आधार पर 28 नई एसी और वॉल्वो बसें भी निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी।
वर्तमान में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर केवल एसी और वॉल्वो बसों का संचालन किया जा रहा है, जबकि साधारण बसें पुराने मार्ग से संचालित होती हैं। पुराने रूट पर बसें देहरादून आईएसबीटी से बिहारीगढ़, छुटमलपुर, रुड़की, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मोहन नगर होते हुए दिल्ली आईएसबीटी और आनंद विहार पहुंचती हैं।
कांवड़ मेले के दौरान अब साधारण बसों को भी पुराने मार्ग के बजाय एक्सप्रेसवे से संचालित किया जाएगा। इससे यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी और देहरादून से दिल्ली का सफर लगभग साढ़े तीन घंटे में पूरा हो सकेगा।
हालांकि, इस निर्णय से परिवहन निगम को राजस्व का कुछ नुकसान होने की संभावना है। पुराने मार्ग पर विभिन्न स्टॉपेज से अतिरिक्त यात्री मिलने के कारण निगम को अधिक आय होती थी, जबकि एक्सप्रेसवे पर बीच में कोई स्टॉपेज नहीं है। इसके बावजूद निगम ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम देहरादून से दिल्ली के लिए प्रतिदिन लगभग 95 बसों का संचालन करता है, जिनमें साधारण, एसी और वॉल्वो बसें शामिल हैं।
त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए निगम ने अपने बेड़े में 28 नई एसी और वॉल्वो बसें शामिल करने की योजना बनाई है। ये सभी बसें अनुबंध के आधार पर संचालित होंगी और बीएस-6 मानकों के अनुरूप होंगी, जिससे दिल्ली में इनके संचालन में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान सभी बसों का संचालन एक्सप्रेसवे से किया जाएगा ताकि यात्रियों को जाम से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित 26 एसी और वॉल्वो बसों का अनुबंध अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। इसके बाद नवंबर से 28 नई एसी और वॉल्वो बसों को चरणबद्ध तरीके से बेड़े में शामिल किया जाएगा, जिससे दिल्ली मार्ग पर यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराई जा सकेगी।



