उत्तराखंड

राहुल गांधी के छात्र संवाद से पहले सीएम धामी का युवाओं से संवाद, अग्निवीरों के लिए स्पेशल सेल का ऐलान

देहरादून: राजधानी देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अग्निवीरों के लिए विशेष सेल स्थापित करने, युवाओं को रोजगार और पेपर लीक मामलों पर सरकार की कार्रवाई सहित कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं का उत्साह और ऊर्जा उन्हें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उत्तराखंड भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने विकास, स्थिरता और सुशासन को प्राथमिकता दी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए हैं और अब युवाओं को बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना को लेकर कहा कि राज्य सरकार जल्द ही अग्निवीरों के लिए एक विशेष सेल स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि सेवा अवधि पूरी होने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार विभिन्न विभागों में प्राथमिकता के आधार पर समायोजित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी अग्निवीरों के भविष्य को लेकर गंभीर है।

सैन्य परिवार से जुड़े होने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने 34 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है और सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

गौरतलब है कि आज शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी देहरादून में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं, जिसे लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button