हरेला पर एमडीडीए का ‘हरित दून अभियान’ शुरू, एक साल में 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

देहरादून: लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में ‘हरित दून अभियान’ की शुरुआत की। देहरादून के कैनाल रोड स्थित चिड़ोवाली क्षेत्र से शुरू हुए इस अभियान के तहत अगले एक वर्ष में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का शुभारंभ एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पौधरोपण कर किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और अधिकारियों ने भी पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। एमडीडीए ने बताया कि अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित निगरानी की भी व्यवस्था की जाएगी।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, “हम केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य लगा रहे हैं। हमारा लक्ष्य केवल एक लाख पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों के मन में पर्यावरण संरक्षण की चेतना विकसित करना है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख हो और उनका जीवित रहना हमारी प्राथमिकता बने। जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है। मुझे विश्वास है कि दूनवासी इस अभियान को जनआंदोलन बनाएंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ देहरादून का निर्माण करेंगे।”
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अभियान के तहत पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि हर पौधा भविष्य में एक मजबूत वृक्ष बन सके।
संयुक्त सचिव राकेश तिवारी ने कहा कि हरेला प्रकृति से जुड़ने का अवसर है। सभी नागरिकों की सहभागिता से ‘हरित दून अभियान’ पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी जनआंदोलन बनेगा।



