उत्तराखंड

ऊधमसिंह नगर में ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस का बड़ा अभियान, कई लाउडस्पीकर हटाए, चालान भी किए

रुद्रपुर: सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में बिना अनुमति संचालित होने वाले तथा निर्धारित डेसिबल सीमा और समयावधि का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

 

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर स्थापित ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां लाउडस्पीकर हटवाए गए। इसके अलावा पुलिस एक्ट के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई।

 

पुलिस के अनुसार, कोतवाली जसपुर क्षेत्र में दो, काशीपुर में एक, आईटीआई थाना क्षेत्र में दो, केलाखेड़ा में दो, किच्छा में दो तथा नानकमत्ता में एक धार्मिक स्थल से नियमों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकर हटाए गए। वहीं खटीमा में चार धार्मिक स्थलों से कुल सात लाउडस्पीकर हटवाए गए। इसके अलावा किच्छा में दो और खटीमा में चार लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किए गए।

 

एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि बिना अनुमति लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों, निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरणों तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित समय में संचालित लाउडस्पीकरों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन क्षेत्रों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी गई।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कानून व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वोच्च न्यायालय और शासन के निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी बिना अनुमति लाउडस्पीकर के उपयोग, निर्धारित ध्वनि सीमा के उल्लंघन या प्रतिबंधित समय में संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

पुलिस ने सभी नागरिकों और संस्थाओं से ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button