उत्तराखंड

गोपेश्वर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौके पर मौत

चमोली: जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी, पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के समीप, गोपेश्वर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था। जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। बताया जा रहा है कि पटियालधार पुलिस चौकी पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर उसने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि ट्रक को समय रहते रोक लिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button