उत्तराखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट, पर्वतीय जिलों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पर्वतीय जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण कई संपर्क मार्ग मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो रहे हैं, जबकि नदियां और बरसाती नाले उफान पर बह रहे हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश और बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लगातार बारिश के मद्देनजर प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन से प्रभावित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा उफनती नदियों, नालों और गदेरों के पास नहीं जाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कर ही यात्रा करें।
लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है।



