पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का 40 दिवसीय अभियान शुरू, उत्तराखंड में 50 सदस्यीय एक्शन टीम मैदान में

देहरादून: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर शुरू हुए इस 40 दिवसीय अभियान के तहत उत्तराखंड कांग्रेस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में 50 सदस्यीय एक्शन टीम गठित की गई है, जो छात्रों और युवाओं के बीच जाकर संवाद करेगी।
28 शहरों में चलाया जाएगा अभियान
कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान के लिए देश के 28 प्रमुख शहरों का चयन किया गया है, जिनमें देहरादून भी शामिल है। अभियान के पहले चरण में 40 दिनों तक जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले 24 जून को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने 28 शहरों में संयुक्त प्रेस वार्ता कर अभियान की रूपरेखा साझा की थी।
देहरादून में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
देहरादून में अभियान का संयोजन पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर को सौंपा गया है। उनके साथ वैभव वालिया और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए 50 सदस्यीय एक्शन टीम का गठन किया गया है।
छात्रों और युवाओं से करेंगे संवाद
सोमवार को अभियान से जुड़े 50 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। ये कार्यकर्ता कोचिंग सेंटर, कॉलेज और छात्रावासों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद करेंगे। अभियान के दौरान पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
1 अगस्त को ‘राष्ट्रवाद का सत्याग्रह’, 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’
कांग्रेस ने अभियान के अगले चरण की भी रूपरेखा तय कर दी है। 1 अगस्त को ‘राष्ट्रवाद का सत्याग्रह’ और 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के तहत संसद घेराव किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के युवा और छात्र संगठनों की भागीदारी रहेगी।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से देश के युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा प्रणाली पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाएगी।



