हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर में 3 की मौत, 4 घायल

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
फ्लाईओवर के मोड़ पर हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर जा रहा था। श्यामपुर फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए, जबकि बस भी चालक की ओर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दो लोग फ्लाईओवर से नीचे गिरे
हादसे के समय पिकअप में 10 लोग सवार थे। टक्कर के प्रभाव से दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया गया। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
तीन लोगों की मौत, चार का इलाज जारी
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।
अन्य घायलों में अन्नू (18), सोनी लाल (25) निवासी हरदोई तथा शमीम (42) निवासी बिजनौर का जिला अस्पताल हरिद्वार में उपचार चल रहा है।
एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा
श्यामपुर थाना क्षेत्र के इसी नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
हादसे की जांच शुरू
सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।



