लैंसडाउन में गुलदार का आतंक, घास काटने गई महिला को बनाया निवाला

लैंसडाउन: पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।
घास काटने गई थी महिला, झाड़ियों से निकलकर किया हमला
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह गांव की शांति देवी और सुशीला देवी जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि महिला संभल भी नहीं सकी और गुलदार उसे घसीटकर जंगल की ओर ले गया।
ग्रामीणों ने खोजबीन की, कुछ दूरी पर मिला शव
हमले के दौरान साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।
वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार की तलाश शुरू कर दी। क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे
वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त करेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित शूटर भी तैनात कर दिया गया है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद बणासी तल्ली और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, गुलदार को जल्द पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की गतिविधियों के कारण जंगल और खेतों में जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाएं। यदि कहीं गुलदार दिखाई दे तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



