उत्तराखंड

कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद, मारपीट के बाद बदरीनाथ हाईवे जाम

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

जानकारी के अनुसार, सिख श्रद्धालुओं का एक दल हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहा था। इसी दौरान कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में किसी बात को लेकर उनकी स्थानीय लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान तलवारबाजी की भी सूचना मिली है, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने बाजार क्षेत्र में प्रदर्शन करते हुए बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।

 

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। जाम के चलते यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर वाहनों को रोकना पड़ा। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

 

कर्णप्रयाग के क्षेत्राधिकारी (सीओ) त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बाजार क्षेत्र में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। उन्होंने बताया कि एक सिख श्रद्धालु द्वारा स्थानीय लोगों पर तलवार से हमला किए जाने की सूचना है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी विरोध प्रदर्शन किया और यातायात बाधित कर दिया।

 

फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही यातायात पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button