उत्तराखंड

लक्सर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 8 रिटेल भंडारण केंद्र सील

लक्सर: हरिद्वार जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामपुर रायघटी क्षेत्र में संचालित 8 रिटेल भंडारण केंद्रों को सील कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। साथ ही संबंधित सभी इकाइयों के ई-खन्ना पोर्टल भी तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।

 

बुधवार को जिला खनन अधिकारी काजिम रजा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने रामपुर रायघटी क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिलने के बाद की गई। जांच के दौरान संचालित सभी 8 रिटेल भंडारण केंद्रों में विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

 

एक साथ 8 भंडारण केंद्रों पर हुई कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनन कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।

 

जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने बताया कि हरिद्वार जिले में अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

गौरतलब है कि हरिद्वार जिले में अवैध खनन और अवैध रूप से संचालित क्रशरों के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं, जिन पर प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button