उत्तराखंड

मसूरी में भीषण सड़क हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; चार लोगों की मौत

मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

 

पुलिस के अनुसार 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सुबह 09:16 बजे सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में एक छोटी कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा अन्य बचाव एजेंसियों को भी तत्काल बुलाया गया।

 

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS 4610) सड़क की तीव्र ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। सामान लेकर वाहन में बैठने के बाद कार तेजी से ढलान की ओर बढ़ी और सड़क से नीचे खाली प्लॉट होते हुए गहरी खाई में जा गिरी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार उत्तरकाशी से आ रहे थे। हादसे में कार में सवार सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद (48 वर्ष) और संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली (46 वर्ष) की मौत हो गई।

 

खाई बेहद दुर्गम और घनी झाड़ियों से घिरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का अभियान जारी रहा।

 

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह कार के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तेज ढलान पर वाहन अनियंत्रित होकर सीधे खाई में गिर गया। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है और वे मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं।

 

घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी मसूरी, पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून, मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौजूद रहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button