उत्तराखंड

उत्तराखंड में आज से शुरू होगा विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान, 11,733 बीएलओ घर-घर पहुंचकर भरवाएंगे फॉर्म

देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से रविवार 8 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू किया जा रहा है। इस व्यापक अभियान के तहत प्रदेशभर में 11,733 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एनुमरेशन फॉर्म) उपलब्ध कराएंगे और उन्हें भरवाकर वापस एकत्र करेंगे।

निर्वाचन विभाग के अनुसार यह अभियान 7 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। यदि कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उसकी जानकारी जुटाने के लिए तीन बार तक घर का दौरा करेंगे।

बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू

मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ फीचर भी उपलब्ध कराया है। इसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी से सीधे संपर्क के लिए कॉल बुक कर सकेंगे।

मतदाता Voters Service Portal पर जाकर या ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद संबंधित बीएलओ दो दिनों के भीतर मतदाता से संपर्क करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर एक सूचना स्टिकर लगाएंगे, जिसमें अगली विजिट की तिथि और संपर्क नंबर दर्ज होगा।

ऑनलाइन देख सकेंगे पुरानी वोटर लिस्ट

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई है। मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर जाकर विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता/पति के नाम, बूथ संख्या या क्षेत्र के आधार पर अपनी जानकारी खोज सकते हैं।

अभियान का पूरा कार्यक्रम

8 जून से 7 जुलाई: घर-घर सर्वे और गणना फॉर्म वितरण/संग्रह

14 जुलाई: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन

14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां दर्ज होंगी

11 सितंबर: दावे-आपत्तियों का निस्तारण

15 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची जारी होगी

निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button