सरकारी स्कूलों में बनेंगे आधुनिक खेल मैदान, एमडीडीए विकसित कर रहा बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट

देहरादून: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब बेहतर खेल सुविधाओं के लिए निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) जिले के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित कर रहा है।
करीब 7.80 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के तहत विद्यालयों में बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं। पहले चरण में आठ विद्यालयों में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में नौ अन्य विद्यालयों में निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
एमडीडीए के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है। आधुनिक खेल सुविधाएं मिलने से छात्रों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों का कहना है कि खेल मैदान केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे व्यक्तित्व विकास की प्रयोगशाला भी हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं।
स्थानीय नागरिक भी उठा सकेंगे लाभ
परियोजना की एक विशेषता यह भी है कि विद्यालय समय समाप्त होने के बाद इन खेल सुविधाओं का उपयोग स्थानीय नागरिक भी कर सकेंगे। इससे युवाओं को बेहतर खेल वातावरण मिलेगा और समाज में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
सरकार और एमडीडीए की इस पहल को सरकारी विद्यालयों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



