राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से भाजपा को होगा फायदा, बोले मंत्री गणेश जोशी

मसूरी। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी का “सबसे बड़ा स्टार प्रचारक” बताया है।
मसूरी में मीडिया से बातचीत के दौरान गणेश जोशी ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस को मजबूती मिलने के बजाय नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का जो थोड़ा-बहुत जनाधार बचा है, उसे खत्म करने का काम भी राहुल गांधी ही कर रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को जनता के बीच जाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी के दौरे का स्वागत करती है और उनके उत्तराखंड आने से राजनीतिक लाभ भाजपा को ही मिलेगा।
मसूरी से फिर चुनाव लड़ने का ऐलान
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गणेश जोशी ने बड़ा संकेत देते हुए कहा कि वह एक बार फिर मसूरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पिछले चुनाव की तुलना में इस बार और अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनता के समर्थन के दम पर भाजपा आगामी चुनाव में भी मजबूत स्थिति में रहेगी। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ जनता को मिल रहा है।
सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार
राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे और गणेश जोशी के बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। जहां कांग्रेस राहुल गांधी के दौरे को संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के रूप में देख रही है, वहीं भाजपा इसे अपने पक्ष में माहौल बनाने का अवसर मान रही है।



