IITian बाबा अभिषेक मिश्रा गिरफ्तार, आध्यात्मिक गुरु बनकर युवतियों के शोषण का आरोप

रुड़की। ऑनलाइन गीता ज्ञान प्रवचन देने वाले कथित “आईआईटियन बाबा” अभिषेक मिश्रा को मथुरा पुलिस ने गंभीर आरोपों के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आध्यात्मिक गुरु बनकर युवतियों को अपने प्रभाव में लेने, उनका यौन शोषण करने, आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा ब्लैकमेल करने के आरोप लगे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अभिषेक मिश्रा खुद को भगवान कृष्ण का अवतार बताकर सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से प्रवचन देता था। उसके संपर्क में आने वाली कई युवतियां उसके आश्रम और कीर्तन मंडली से भी जुड़ी हुई थीं। आरोप है कि वह युवतियों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन के नाम पर अपने प्रभाव में लेकर उनका शोषण करता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि आश्रम में उसे नशीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घर लौटने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर जांच शुरू हुई।
पुलिस की छापेमारी के दौरान आश्रम से दो अन्य युवतियां भी मिलीं, जिनके बारे में बताया गया कि वे नशे की आदी पाई गईं। जांच के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य, आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा का निवासी है और पूर्व में Indian Institute of Technology Roorkee का छात्र रह चुका है। जांच एजेंसियां उसके बैंक खातों, सोशल मीडिया नेटवर्क और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, रुड़की में भी एक युवती द्वारा आरोपी के खिलाफ पहले शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि उस मामले में क्या कार्रवाई हुई थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि मथुरा पुलिस ने इस संबंध में संपर्क किया है और जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि कॉलेज के दिनों में अभिषेक मिश्रा का अपने सहपाठियों पर अच्छा प्रभाव था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या उसने इसी प्रभाव का इस्तेमाल कर लंबे समय से लोगों को अपने जाल में फंसाया था।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



