पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, दो युवकों की मौत, चालक की बची जान

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जिले के मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर रविवार शाम एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन से बाहर छिटक जाने के कारण बच गया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5 बजे एक पिकअप वाहन लास्पा गांव से मुनस्यारी की ओर आ रहा था। जैसे ही वाहन रड़गाड़ी क्षेत्र के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना स्थल अत्यंत खतरनाक और खड़ी चट्टानों वाला क्षेत्र बताया जा रहा है।
खाई में गिरने के बाद वाहन कई चट्टानों से टकराता हुआ गोरी नदी के किनारे जा पहुंचा। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे।
हादसे के दौरान चालक जगत मेहता निवासी तेजम वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं वाहन में सवार मनेंद्र राम (30) निवासी धारचूला और प्रकाश (28), मूल निवासी नेपाल, की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव चट्टानों के बीच फंस गए थे।
दुर्घटना वाले क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण हादसे की सूचना समय पर नहीं मिल सकी। चालक की आवाज सुनकर गश्त कर रहे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में तहसील प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ को भी घटना की सूचना दी गई।
रेस्क्यू अभियान में आईटीबीपी, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। खड़ी चट्टानों, गहरी खाई और अंधेरे के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया और एंबुलेंस के जरिए मुनस्यारी भेजा गया।
पुलिस के अनुसार दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है, जबकि स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग उठाई है।



