उत्तराखंड

केदारनाथ हेली सेवा की टिकट बुकिंग जल्द होगी शुरू, खराब मौसम के चलते यात्रा पर प्रशासन की कड़ी नजर

रुद्रप्रयाग: चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग का दूसरा चरण जून के पहले सप्ताह में शुरू होने की तैयारी है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) 15 जून के बाद की यात्रा के लिए नया बुकिंग स्लॉट खोलने जा रहा है।

 

यूकाडा ने इससे पहले 15 अप्रैल को पहला बुकिंग स्लॉट जारी किया था, जिसके तहत 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग की गई थी। श्रद्धालुओं की भारी मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुकिंग शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही 33 हजार से अधिक टिकट बुक हो गए थे।

 

यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि दूसरे चरण की ऑनलाइन बुकिंग की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसके तहत 15 जून के बाद की केदारनाथ हेली सेवा यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे।

 

इधर, लगातार खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया था।

 

हालांकि दोपहर बाद मौसम में सुधार होने पर यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है।

 

वहीं विशाल मिश्रा लगातार मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की निगरानी कर रहे हैं। सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे संवेदनशील स्थानों पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम सामान्य होने तक यात्रियों को आगे न जाने दिया जाए।

 

प्रशासन कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही यात्रा को पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button