हरिद्वार में आंधी-तूफान का कहर, रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, होटल के शीशे टूटने से यात्री घायल

हरिद्वार: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान ने हरिद्वार में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, बिजली आपूर्ति बाधित हुई और रेल यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग पर मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास एक विशालकाय पेड़ अचानक रेलवे ट्रैक पर गिर गया। पेड़ गिरने से ओवरहेड बिजली तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे रेल संचालन प्रभावित हो गया। घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने के कारण देहरादून और हरिद्वार के बीच चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक से पेड़ हटाने और क्षतिग्रस्त बिजली तारों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया, ताकि रेल संचालन जल्द सामान्य किया जा सके।
वहीं, हरकी पैड़ी के समीप स्थित बाजार क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण एक होटल के शीशे टूटकर नीचे गिर गए। इस दौरान नीचे से गुजर रहा एक यात्री शीशों की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिसकर्मी यात्रियों को सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
उधर, शहर की राज विहार फेज-2 कॉलोनी में भी तूफान का असर देखने को मिला। डिवाइन लाइट स्कूल के पास एक बड़ा पेड़ गिरने से दो बिजली के खंभे टूट गए, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। पेड़ सड़क पर गिरने से मार्ग भी अवरुद्ध हो गया, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।



