उत्तराखंड

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले सीएम धामी का हमला, बोले- सेना पर सवाल उठाने वालों को देवभूमि स्वीकार नहीं करेगी

अल्मोड़ा : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले उन पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को देवभूमि उत्तराखंड स्वीकार नहीं करेगी।

दरअसल, आगामी 4 जून को राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान वह अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में रैली करेंगे। साथ ही पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से भी मुलाकात करने की संभावना है। राहुल गांधी के इसी कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने अल्मोड़ा दौरे के दौरान प्रतिक्रिया दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर सैनिकों का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बहुल राज्य है और यहां के लोगों का सेना तथा राष्ट्रभक्ति से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमाएं दो देशों से लगती हैं और यहां के लोग राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हैं। ऐसे में कांग्रेस की राजनीति उत्तराखंड में सफल नहीं होने वाली।

अपने अल्मोड़ा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा उन्होंने जिले में करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विश्वविद्यालय में नए भवन बनने से शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और विकास को नई दिशा देना है, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें और उन्हें पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। वहीं राहुल गांधी के संभावित दौरे और भाजपा के आक्रामक चुनावी अभियान को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गर्माने लगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button