उत्तराखंड में गर्मी का कहर, दून में फिर 40 पार पारा; पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी समेत कई शहरों में तेज धूप और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले छह दिनों में यह तीसरी बार है जब दून का पारा 40 डिग्री के पार पहुंचा है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए मैदानी क्षेत्रों में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी, जबकि पर्वतीय जिलों में मौसम कुछ राहत दे सकता है।
पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
मैदानी इलाकों में लू का अलर्ट
एक ओर जहां पहाड़ों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं, वहीं मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने सोमवार को मैदानी क्षेत्रों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
30 मई तक पहाड़ों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के आसार बने रहेंगे। वहीं 28 मई से 30 मई तक पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
हालांकि 30 मई को देहरादून और आसपास के कुछ मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



