बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी बाइक; असम के युवक की मौत, एक घायल

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गौचर और कर्णप्रयाग के बीच तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
चट्टानों के बीच फंसा था युवक
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद एक युवक खाई में चट्टानों के बीच फंस गया था। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को स्ट्रेचर के जरिए खाई से बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस से उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा गया।
वहीं दूसरे युवक को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम
उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सोम बोस्या पुत्र रोबिन बोस्या निवासी जोराहाट, असम, उम्र 25 वर्ष को मृत घोषित कर दिया।
वहीं ऋतिक पुत्र धनंजय निवासी बक्सर, बिहार, उम्र 25 वर्ष को मामूली चोटें आई हैं। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
सड़क हादसों पर लगाम लगाने की कोशिश
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग जागरूकता अभियान चला रहा है। ओवर स्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकगनाइजेशन) कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगाए गए कैमरों के जरिए तेज रफ्तार और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं। इसके बावजूद पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।



