उत्तराखंड

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से विवाहिता को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप, धर्म परिवर्तन मामले में युवक गिरफ्तार

चकराता: चकराता क्षेत्र में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक विवाहिता महिला को प्रेमजाल में फंसाने और धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली चकराता प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि शुक्रवार देर शाम स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को क्यावा गांव स्थित एक छानी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान फरमान पुत्र इरफान निवासी धर्मपुर सरावगी गांव, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है।

फर्जी पहचान बनाकर की दोस्ती

पुलिस के मुताबिक, चकराता क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि आरोपी फरमान ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी पत्नी से दोस्ती की थी। बाद में उसने अपना असली नाम बताया और महिला पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने महिला का धर्म परिवर्तन भी कराया।

पत्नी के साथ कमरे में मिला आरोपी

तहरीर में बताया गया कि 21 मई को उसकी पत्नी मायके आई हुई थी। जब वह वहां पहुंचा तो उसने आरोपी फरमान को कमरे के अंदर अपनी पत्नी के साथ देखा। दरवाजा खटखटाने पर आरोपी कथित रूप से रोशनदान के रास्ते भागकर गोशाला में छिप गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप

पीड़ित ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने गांव के सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

देवबंद कनेक्शन की भी जांच

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को देवबंद और विकासनगर से जुड़े लोगों का करीबी बताकर धमकियां देता था। तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी पहले भी कई लड़कियों को अपने जाल में फंसा चुका है और उनकी फोटो व वीडियो अन्य लोगों को भेज चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button