उत्तराखंड में बढ़ी बिजली की मांग, गर्मी के चलते रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची खपत

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ बिजली की मांग में भी बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के अनुसार मई महीने की शुरुआत में जहां बिजली की दैनिक मांग करीब 4 करोड़ यूनिट थी, वहीं अब यह बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिजली की मांग 6 करोड़ यूनिट का आंकड़ा भी पार कर सकती है।
भीषण गर्मी और लगातार चल रहे कूलर, एसी और अन्य विद्युत उपकरणों के कारण बिजली की खपत तेजी से बढ़ रही है। हालांकि यूपीसीएल प्रबंधन का दावा है कि फिलहाल प्रदेश में कहीं भी घोषित बिजली कटौती नहीं की जा रही है।
उपलब्धता और मांग लगभग बराबर
यूपीसीएल अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में निगम के पास करीब 5.9 करोड़ यूनिट बिजली उपलब्ध है, जो मौजूदा मांग के लगभग बराबर है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बनाए रखना निगम के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
कई जगह ट्रिपिंग की समस्या
हालांकि विभाग का कहना है कि कटौती नहीं की जा रही, लेकिन ओवरलोड और तकनीकी कारणों से कई इलाकों में ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट की समस्याएं सामने आ रही हैं। पिछले दो दिनों में ही बिजली की मांग 5.3 करोड़ यूनिट से बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट पहुंच गई है।



