ऑनलाइन गेम में रकम हारने के बाद युवक ने खाया जहर, अस्पताल में मौत

सुल्तानपुर। क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव में एक 20 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन गेम में रुपये हारने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
मृतक की पहचान शोएब (20) पुत्र जुल्फिकार के रूप में हुई है, जो सुल्तानपुर कस्बे में चप्पल-जूते की दुकान चलाता था। जानकारी के अनुसार, शोएब ने दुकान के लिए सामान खरीदने के नाम पर परिवार से करीब 40 हजार रुपये लिए थे, लेकिन वह पूरी रकम ऑनलाइन गेम में हार गया।
बताया जा रहा है कि रुपये गंवाने के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। मंगलवार को परेशान होकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।



