महिला अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: विकासनगर बाजार में नारेबाजी

विकासनगर। चंपावत में नाबालिग युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना और प्रदेश में लगातार बढ़ रहे महिला अपराधों के विरोध में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी विकासनगर ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकासनगर बाजार में प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में महिला सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है और अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, महिला सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने तथा प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस सदस्य एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



