उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में बेकाबू डंपर का कहर, कांवली रोड पर युवक की मौके पर मौत, चालक फरार

देहरादून | राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। कांवली रोड पर सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर बजरी से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने करीब 40 वर्षीय राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था। ढलान होने के बावजूद वाहन की गति काफी तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े युवक को डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर सड़क किनारे टकराकर रुक गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान सतेंद्र साहनी के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने की।

घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने टायर और लकड़ियां जलाकर मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, जिससे लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान समेत कई थानों की पुलिस फोर्स ने हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने पुष्टि की है कि डंपर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई है और चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

फिलहाल पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाने में जुटी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button