अपराधउत्तराखंड

नैनीताल कलेक्ट्रेट में पार्किंग से अधिवक्ता का शव बरामद, सुसाइड नोट मिलने से सनसनी

नैनीताल। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर अधिवक्ता का खून से सना शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है, जो लॉन्ग व्यू कंपाउंड के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, करीब 11:30 बजे कलेक्ट्रेट और जिला न्यायालय परिसर में कार्यरत अधिवक्ताओं ने पार्किंग क्षेत्र में खड़ी एक कार के भीतर उन्हें लहूलुहान अवस्था में देखा। इस दौरान उनके हाथ में पिस्टल भी पाई गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को वाहन के बोनट पर एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अधिवक्ता ने किसी बीमारी से परेशान होने का उल्लेख किया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर और अधिवक्ता समुदाय में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button