उत्तराखंडधर्मपर्यटन

चारधाम यात्रा के लिए देवभूमि तैयार, ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण शुरू; आज सीएम दिखाएंगे हरी झंडी

ऋषिकेश। विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर देवभूमि उत्तराखंड पूरी तरह तैयार है। ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होते ही व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार सुबह 11 बजे यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

30 काउंटरों पर पंजीकरण

चारधाम यात्रा पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि सुबह छह बजे से सभी 30 काउंटरों पर पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।

24 काउंटर ट्रांजिट कैंप में

6 काउंटर आईएसबीटी में

दोपहर 12 बजे तक करीब 150 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। सबसे पहले नेपाल से आए 30 श्रद्धालुओं के दल ने पंजीकरण कराया।

विशेष कार्याधिकारी पीपी नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। एसडीएम ने नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ-सफाई और ट्रांजिट कैंप में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।

ट्रांसपोर्टरों की बैठक, डग्गामार वाहनों पर सख्ती

आईएसबीटी सभागार में एसपी देहात जया बलूनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। ट्रांसपोर्टरों ने डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की।

एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान उसी दिन की वैध टोल पर्ची वाले वाहनों का ही ग्रीन कार्ड बनाया जा रहा है। अन्य राज्यों के वाहनों के लिए 15 दिन की वैधता का ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा।

ट्रांसपोर्टर बिजेंद्र कंडारी ने बताया कि नए नियम के तहत राज्य के वाहन राज्य के भीतर से ही यात्रियों को उठाएंगे और राज्य के भीतर ही छोड़ेंगे।

अतिक्रमण हटाने के निर्देश

नगर आयुक्त ने व्यापारियों से नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण स्वयं हटाने को कहा है। एसडीएम योगेश मेहरा ने कहा कि यात्रा मार्ग पर अवैध स्टैंड और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

नेपाल से आए यात्रियों ने की व्यवस्थाओं की सराहना

नेपाल से आए खेमराज सुवेदी ने कहा कि प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और दवाइयों की व्यवस्था सराहनीय है। राधा कृष्ण घिमिरे ने भी यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और सफल यात्रा की कामना की।

सफल संचालन के लिए पूजा-अर्चना

चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए परिवहन विभाग ने भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। एआरटीओ प्रशासन रावत सिंह कटारिया और एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत सहित अन्य अधिकारियों ने यात्रा की सफलता की कामना की।

प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुगमता और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button