गोपेश्वर-चोपता हाईवे पर सेना का वाहन खाई में गिरा, दो जवान घायल

चमोली: गोपेश्वर-चोपता हाईवे पर दिलो बैंड के पास सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में वाहन में सवार दो जवान घायल हो गए।
उन्हें निजी वाहन से जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक जवान को सेना के हेलीकॉप्टर से एमएच देहरादून भेजा गया।
जानकारी के अनुसार गोपेश्वर-चोपता ऊखीमठ हाईवे पर भारतीय सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। घायलों को प्रदीप रमोला, राहुल और अजय पंवार ने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्रदीप रमोला ने बताया कि उनका चोपता के पास रिजॉर्ट है और वह सामान लेने गोपेश्वर आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि हाईवे पर बैरियर व पुश्ता टूटा हुआ है, जिससे उन्हें दुर्घटना का अंदेशा हुआ।
उन्होंने वाहन से उतरकर आसपास देखा तो खाई में सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त मिला और पास ही दो जवान जख्मी हालत में थे। नेटवर्क न होने के कारण वे पुलिस व अन्य लोगों से संपर्क नहीं कर सके। इसके बाद तीनों खुद खाई में उतरे और दोनों घायल जवानों को बाहर निकालकर सड़क तक लाए और अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया।



