उत्तराखंडधर्म

केदारनाथ हेली सेवा: एक घंटे में 15 जून तक की सभी टिकट फुल, 31,607 यात्रियों ने कराई बुकिंग

चारधाम यात्रा। चारधाम यात्रा के तहत 22 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ हेली सेवा के लिए जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आईआरसीटीसी के पोर्टल पर बुकिंग खुलने के एक घंटे के भीतर ही 15 जून तक की सभी टिकट फुल हो गईं। कुल 31,607 यात्रियों ने हेली टिकट की बुकिंग कराई है।

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की मांग सबसे अधिक रहती है। इसका अंदाजा बुधवार शाम छह बजे पोर्टल खुलते ही बढ़े ट्रैफिक से लगाया जा सकता है। शुरुआत में अधिक लोड के कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें भी आईं, लेकिन इसके बावजूद एक घंटे के भीतर पहले चरण की सभी सीटें बुक हो गईं।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए हेली सेवा की सभी टिकट बुक हो चुकी हैं। आगे की यात्रा के लिए बुकिंग तिथि जून माह के पहले सप्ताह में तय की जाएगी।

केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से हेली सेवा संचालित होती है। इस बार गुप्तकाशी से ट्रांस भारत और चिप्सन एविएशन, फाटा से यूनाइटेड हेली चार्टर्ड, रजस एयरोस्पोर्ट और पिलिग्रेमेज एविएशन, जबकि सिरसी से एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेली के माध्यम से शटल सेवा संचालित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button